सीडीओ ने जिला पंचायत व पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक में दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
भीमताल। जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और पर्यटन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में जिला पंचायत नैनीताल और पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में सीडीओ ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित होटल और रिसॉर्ट से पिछले पांच वर्षों में जिला पंचायत को प्राप्त राजस्व का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कूड़ा वाहनों की विस्तृत जानकारी भी मांगी।
उन्होंने प्रत्येक कूड़ा वाहन में अनिवार्य रूप से जीपीएस लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की नियमित निगरानी की जा सके। कूड़ा निस्तारण के लिए प्रभावी रोस्टर तैयार करने, राजस्व निरीक्षकों और कर संग्राहकों की नियमित निगरानी में वाहनों का संचालन सुनिश्चित करने तथा सभी वाहन चालकों के मोबाइल नंबर उपलब्ध रखने को कहा।
सीडीओ ने एनएच-87 पर रानीबाग से रूसी बाईपास तक महीने में कम से कम सात दिन वैक्यूम क्लीनिंग मशीन चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित निगरानी जरूरी है।
बैठक में जिला पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों एवं दायित्वों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीडीओ ने जिला पंचायत द्वारा कराए जा रहे सभी निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।
परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को जिला पंचायत से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए। वहीं, जिला पर्यटन अधिकारी को जिला योजना, राज्य योजना और केंद्र पोषित योजनाओं के तहत संचालित निर्माण कार्यों की प्रारंभ और पूर्णता तिथि अंकित कर नियमित निरीक्षण करने तथा कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में अवैध रूप से संचालित होम-स्टे और होटलों का नियमित निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और पर्यटन गतिविधियों का सुव्यवस्थित संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।