अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश
भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को धारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मझेड़ा, टांड़ी, धारी, सिलालेख, पहाड़पानी, सुनकिया, लेटीबुंगा, सुंदरखाल और सरना सहित विभिन्न क्षेत्रों में ग्रामीणों से संवाद किया।
इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। मंत्री कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में अभी तक सड़क सुविधा नहीं पहुंच पाई है, उन्हें पीएमजीएसवाई फेज-4 के अंतर्गत शामिल कर लिया गया है। इन गांवों से संबंधित प्रस्ताव भारत सरकार को भेजे जा चुके हैं और जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।