भीमताल । स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मंगलवार 16 सितम्बर को जिले के सभी विकासखण्डों में विशेष बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में आम जनता की समस्याओं को मौके पर सुना जाएगा और उनका त्वरित समाधान किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाकर क्षेत्रीय जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने बताया कि बेतालघाट विकासखण्ड का शिविर अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज जितुवापीपल में आयोजित होगा, जबकि भीमताल का शिविर राजकीय इंटर कॉलेज अमिया में लगेगा। धारी का शिविर ग्राम पंचायत मज्यूली में तथा हल्द्वानी का शिविर राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ में होगा। कोटाबाग विकासखण्ड का शिविर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदपुर में आयोजित होगा, वहीं ओखलकांडा का शिविर तहसील परिसर ग्राम पंचायत खनस्यू में लगेगा। इसी प्रकार रामगढ़ का शिविर राजकीय इंटर कॉलेज नथुवाखान में तथा रामनगर का शिविर राजकीय प्राथमिक विद्यालय ग्राम पंचायत हिम्मतपुर डोटियाल में आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इन बहुउद्देश्यीय शिविरों में स्टॉल लगाकर विभिन्न विभाग मौके पर ही जनता की समस्याओं का निस्तारण करेंगे और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करेंगे।