कुमाऊंनी शैली में निखरेगा काठगोदाम रेलवे स्टेशन : सांसद अजय भट्ट

भीमताल ।अमृत भारत योजना के तहत काठगोदाम रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कुमाऊंनी शैली की झलक के साथ किया जाएगा। यह कहना है नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट का। सोमवार शाम उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को समय पर गुणवत्ता युक्त कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। करीब 16.76 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन पर एस्केलेटर, लिफ्ट, दो नए प्रतीक्षालय, वीआईपी लॉज, ऑफिस कक्षों की सिफ्टिंग, नरीमन चौराहे तक सड़क लिंक मिलान और स्टेशन का फसाड सहित अनेक सुधार कार्य किए जा रहे हैं। इज्जतनगर बरेली से पहुंचे उप मुख्य अभियंता ए.के. सिंह ने बताया कि अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं, जबकि शेष फरवरी 2026 तक पूर्ण होंगे।
सांसद भट्ट ने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि गलत कार्य पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि स्टेशन के हर हिस्से में कुमाऊंनी स्थापत्य की छाप साफ दिखाई दे। निरीक्षण के दौरान बरसात में टपकती छत की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य मौजूदा परियोजना में शामिल नहीं है। इस पर सांसद भट्ट ने कहा कि वे स्वयं रेलवे मंत्रालय से पत्राचार कर इस कार्य को भी परियोजना में सम्मिलित कराएंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की प्राथमिकता में प्रदेश के रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प शामिल है। काठगोदाम के साथ ही काशीपुर, लालकुआं, रामनगर और रुद्रपुर रेलवे स्टेशनों के सुधारीकरण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। निरीक्षण के दौरान मेयर गजराज सिंह बिष्ट, रेलवे के क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक मोहम्मद सलीम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *