खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया गौलापार स्थित खेल परिसरों का निरीक्षण,

ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए दिए अहम निर्देश

भीमताल : खेल मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को हल्द्वानी के गौलापार स्थित विभिन्न खेल अवस्थापनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी खेल परिसरों को आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाओं के लिए तैयार किया जाए। उन्होंने गौलापार स्टेडियम के उस हिस्से का निरीक्षण किया, जो पिछले साल प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त हो गया था, और मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया।
मंत्री ने एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, फुटबॉल ग्राउंड, ताइक्वांडो हॉल और स्विमिंग पूल का भी निरीक्षण किया और स्थानीय स्कूली बच्चों को इन सुविधाओं पर अभ्यास के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने गौलापार में प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की तैयारी में तेजी लाने के निर्देश दिए और 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर उसकी नींव रखे जाने की बात कही।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना के तहत काठगोदाम सर्किट हाउस में हुई बैठक में जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में 5 नई सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई। मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को इन प्रस्तावों की डीपीआर शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने और भूमि प्रभावित किसानों को मुआवजा वितरित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क मार्गों से जोड़ा जाएगा, जिससे इन क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी कार्य समय पर और मानकों के अनुसार पूर्ण किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *