भवाली–दुनिखाल मार्ग हादसे पर सख्त एक्शन: मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, 8 जून तक आमजन से मांगे साक्ष्य

भीमताल, 26 मई। भवाली–दुनिखाल मोटर मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। 21 मई को भवाली सैनेटोरियम से दुनिखाल मोटर मार्ग पर सिरोड़ी के समीप वाहन गहरी खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। जांच का उद्देश्य दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना, तकनीकी या मानवीय लापरवाही की जांच करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना बताया गया है।

उप जिला मजिस्ट्रेट, श्री कैंचीधाम स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास हादसे से संबंधित कोई जानकारी, साक्ष्य या पक्ष हो तो वह 8 जून 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में एसडीएम कार्यालय, श्री कैंचीधाम पहुंचकर अपना पक्ष रख सकता है।

निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी को वाहन की तकनीकी जांच रिपोर्ट और पांच बिंदुओं पर विस्तृत आख्या एक सप्ताह के भीतर देने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को मृतकों से संबंधित चिकित्सीय अभिलेख उपलब्ध कराने तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी भवाली को एफआईआर, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके की रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग नैनीताल को सड़क पर सुरक्षा उपायों जैसे क्रैश बैरियर और साइन बोर्ड की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। तहसीलदार, श्री कैंचीधाम को सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि जांच केवल दुर्घटना के कारणों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जिम्मेदारी तय करते हुए भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *