लेक्स इंटरनेशनल स्कूल में नवाचार से रूबरू हुए विद्यार्थी

छात्रों ने लिया 2047 तक समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान का संकल्प

भीमताल : लेक्स इंटरनेशनल स्कूल, भीमताल में बुधवार को विद्यार्थियों के लिए नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने हेतु एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत सरकार के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा जागरूकता मिशन (NIPAM) के तहत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीबीएसई द्वारा भेजे गए प्रोफेसर अजय कुमार सूद, डॉ. प्रबुद्ध गांगुली और मालती लक्ष्मी कुमारन के वीडियो संदेशों को प्रदर्शित किया गया, जिसमें छात्रों को यह बताया गया कि किस प्रकार वे अपने आसपास की सामान्य चीजों में भी प्रयोगों के माध्यम से नवाचार ला सकते हैं। छात्रों को रचनात्मक सोच को व्यवहार में लाने और उसे उद्यमशीलता से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को एनआईपीएएम पोर्टल पर पंजीकरण कर आईपी इनोवेशन क्लब से जुड़ने और ऑनलाइन मॉड्यूल्स के माध्यम से नवाचार को समझने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम ने छात्रों में नवीन प्रवृत्तियों को आत्मसात करने और भविष्य के लिए उद्यमशील दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.एस. नेगी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि, “नवाचार केवल विज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सोच, दृष्टिकोण और कार्य करने के तरीके में भी झलकता है। हमें अपने देश को 2047 तक एक समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार को जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई और समाज के उत्थान में रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *