भीमताल : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वे 2024 नैनीताल जनपद में तेजी से जारी है। इस सर्वे का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें पक्के मकान उपलब्ध कराना है, जिससे प्रत्येक गरीब परिवार को सम्मानजनक आवास सुविधा मिल सके।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2016-17 से 2023-24 तक 2556 परिवारों को इस योजना के तहत लाभान्वित किया गया है। इसके तहत प्रत्येक लाभार्थी को ₹1,30,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन किश्तों में जारी की जाती है। इसके अलावा मनरेगा अंश से 95 श्रम दिवसों के तहत ₹21,850 और शौचालय निर्माण हेतु ₹12,000 की अतिरिक्त सहायता दी जाती है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि नैनीताल जिले के सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में सर्वे कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के लिए 474 सर्वेयर नियुक्त किए गए हैं। यह सर्वे मोबाइल एप्लिकेशन “आवास प्लस 2024” के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और प्रक्रिया की गति सुनिश्चित हो सके।
सरकार द्वारा तय मानकों के अनुसार कुछ परिवार इस योजना के लिए अपात्र माने जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:
✔ जिनके पास मोटर वाहन (दो पहिया को छोड़कर), तिपहिया या चौपहिया वाहन है।
✔ जिनका कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी है या ₹15,000 से अधिक मासिक आय अर्जित करता है।
✔ जो आयकर अदा कर रहे हैं।
✔ जिनके पास 25 एकड़ (50 नाली) से अधिक सिंचित भूमि या सिंचाई उपकरण हैं।
✔ जिनके पास 5 एकड़ या अधिक असिंचित भूमि है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि लाभार्थी स्वयं भी “Self Survey” कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें Google Play Store से “आवास प्लस 2024” मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड कर आधार नंबर के माध्यम से ई-केवाईसी करनी होगी। साथ ही, Aadhaar FaceRD मोबाइल एप्लिकेशन भी डाउनलोड करनी होगी।
सर्वे के आधार पर स्थायी प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी और ग्राम पंचायतों में खुली बैठक कर लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। भारत सरकार के अनुसार, 2029 तक सभी पात्र लाभार्थियों को इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
जो परिवार इस योजना के अंतर्गत लाभ लेना चाहते हैं, वे अपने विकासखंड कार्यालय या ग्राम पंचायत में संपर्क कर सकते हैं।