खनश्यू में बनेगा तहसील भवन, मुख्यमंत्री ने की घोषणा : विधायक कैड़ा

भीमताल। ओखलकांडा ब्लॉक के खनश्यू क्षेत्र में वर्षों से तहसील भवन न होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। तहसील लंबे समय से पटवारी चौकी से ही संचालित हो रही थी। इस गंभीर समस्या को देखते हुए भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से खनश्यू में तहसील भवन निर्माण की मांग उठाई गई थी।

विधायक कैड़ा ने बताया कि क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए उनकी मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने खनश्यू में तहसील भवन निर्माण को मुख्यमंत्री घोषणाओं में शामिल कर लिया है। जल्द ही खनश्यू में तहसील भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे स्थानीय जनता को राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक कैड़ा ने बताया कि उन्होंने ओखलकांडा क्षेत्र स्थित देवगुरु महाराज मंदिर, पिनरो स्थित छोटा कैलाश मंदिर और विनायक गोलू देवता मंदिर को मंदिर माला मिशन योजना में शामिल करने का आग्रह भी मुख्यमंत्री से किया था। मुख्यमंत्री धामी ने तीनों धार्मिक स्थलों के विकास को मंदिर माला मिशन के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान कर दी है।

विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन घोषणाओं से क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास को नई दिशा मिलेगी। वहीं, क्षेत्रवासियों ने भी विधायक कैड़ा का धन्यवाद किया और इन निर्णयों का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *