हादसे ने छीना परिवार का सहारा, आरक्षी संजय कुमार का आकस्मिक निधन

भीमताल, 02 मार्च। ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल भवाली कोतवाली में तैनात आरक्षी संजय कुमार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। जवान के असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हल्द्वानी क्षेत्र के मेडिकल चौकी प्रांगण में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई। शोक की इस घड़ी में अधिकारियों की आंखें भी नम दिखीं।
एसएसपी ने परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि विभाग हर संभव सहायता प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि संजय कुमार ने 24 वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा दी, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

24 वर्षों का निष्कलंक सेवाकाल

आरक्षी 968 ना.पु. संजय कुमार का जन्म 25 जुलाई 1980 को हुआ था। उन्होंने 10 अक्टूबर 2001 को पुलिस विभाग में भर्ती होकर सेवा प्रारंभ की।
• 2001 से 2009 तक नैनीताल में तैनाती
• 2009 से 2018 तक पिथौरागढ़ में सेवाएं
• 2018 से वर्तमान तक पुनः नैनीताल जनपद में, भवाली कोतवाली में अंतिम नियुक्ति

श्रद्धांजलि सभा में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी, क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
नैनीताल पुलिस ने अपने जांबाज साथी को नम आंखों से अंतिम विदाई देते हुए कहा कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *