भीमताल। विधानसभा भीमताल के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत सिमलिया बैंड से हैड़ाखान मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में विधायक राम सिंह कैड़ा से डामरीकरण कराने की मांग की थी।
जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से मोटर मार्ग के डामरीकरण हेतु धनराशि स्वीकृत करने की मांग की। विधायक की पहल पर मुख्यमंत्री द्वारा सड़क के डामरीकरण के लिए 1 करोड़ 40 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। शासनादेश जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
विधायक कैड़ा ने बताया कि शीघ्र ही मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण कार्य कराया जा रहा है।
इधर, क्षेत्र की जनता ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया है।