भीमताल में पार्किंग निर्माण को लेकर की महापंचायत
पार्किंग नहीं बनने पर पालिका चुनाव का बहिष्कार करने की दी चेतावनी
भीमताल । रामलीला मैदान मल्लीताल में शुक्रवार को भीमताल के व्यापारियों ने पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने को लेकर प्राधिकरण और प्रशासन के खिलाफ महापंचायत की। व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ रौतेला ने कहा कि भीमताल में सीएम घोषणा के बाद भी पार्किंग का निर्माण आज तक नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पार्किंग नहीं बन पाने से सैलानियों का जाम का सामना करना पड़ रहा है और व्यापारियों और पर्यटन कारोबारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। रौतेला ने कहा कि पार्किंग नहीं बनाए जाने पर नगर पालिका चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। व्यापारी नेता पंकज जोशी, मनोज भट्ट, रामपाल सिंह गंगोला ने बताया कि भीमताल में पार्किंग का निर्माण नहीं होने से पर्यटन कारोबार प्रभावित होने के साथ जाम की समस्या बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ओर से भीमताल का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया, जिपं सदस्य अनिल चनौतिया, दीपक वर्मा, नीरज कुमार, भूपेंद्र कनौजिया ने कहा कि विभागीय अधिकारियों की ओर से पार्किंग के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। मत्स्य विभाग की भूमि का चयन करने के बाद भी पार्किंग नहीं बनाई जा रही है। व्यापारियों की ओर से पार्किंग निर्माण के लिए एक कमेटी बनाई गई। कमेटी के पदाधिकारी सोमवार को डीएम से पार्किंग निर्माण को लेकर मुलाकात करेंगे। डीएम से पार्किंग का निर्माण जल्द शुरू करने को कहा जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि समस्या हल नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बैठक में सतीश लाल वर्मा, नितेश बिष्ट, हरीश पनेरू, देवेंद्र सिंह फर्त्याल, राकेश बृजवासी, भानु लोशाली, विनीत जोशी, पूरन जोशी, आशा उप्रेती, शिप्रा जोशी, ज्योति पुरी, सीमा टम्टा आदि शामिल रहे।