शिविर में विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन
भीमताल : जिले में सुशासन सप्ताह का आयोजन 19 दिसंबर से 24 दिसंबर 2024 तक किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनहित में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सप्ताह के दौरान चिकित्सा, समाज कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाल विकास जैसे विभाग सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे।उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र, हल्द्वानी में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर का आयोजन होगा।
जिसमें मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा दिव्यांगजनों की विशेष जांच ,दिव्यांग प्रमाण पत्र, लंबित यूडीआईडी आवेदन पत्रों की जांच के बाद भारत सरकार के पोर्टल पर उन्हें अग्रसारित किया जाएगा ।इसके अलावा शिविर में पंजीकृत दिव्यांगजनों को शामिल करने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यवाही करेंगे। राजकीय इंटर कॉलेज, थारी में समाज कल्याण और ग्राम्य विकास विभाग द्वारा पीएम-जनमन योजना के तहत शिविर आयोजित किया जाएगा, छात्र-छात्राओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी ,स्वास्थ्य और आयुष विभाग उनके स्वास्थ्य परीक्षण के साथ नि:शुल्क दवाइयों का वितरण करेंगे, बाल विकास विभाग 100 छात्राओं को सेनेट्री नेपकिन वितरित करेगा, भगवान बिरसा मुंडा पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन संबंधित प्रधानाचार्य द्वारा किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग की ओर से प्रथम पांच विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि यह सप्ताह सुशासन को बढ़ावा देने और जनसुविधाओं को सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के लिए समर्पित होगा। उन्होंने आम जनता से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की है।