व्यापारी बोले अधिकारियों की नाकामी से नहीं बनी पार्किंग

भीमताल में पार्किंग की बैठक में हुई तीखी बहस

भीमताल। विकास भवन परिसर भीमताल में विधायक राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में पार्किंग निर्माण को लेकर बैठक की गई। बैठक में व्यापारियों ने प्राधिकरण के अधिकारियों को पार्किंग का निर्माण नहीं किए जाने पर खरी खोटी सुनाई। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि प्राधिकरण के अधिकारियों की नाकामी के चलते भीमताल में पार्किंग नहीं बन पाई है। व्यापारी नेता सौरभ रौतेला ने कहा कि प्राधिकरण पार्किंग का निर्माण कार्य तो नहीं कर पाया है। लेकिन नक्शे पास कराने के नाम पर स्थानीय लोगों का शोषण कर रहा है और पैसे वालों के काम तत्काल कर रहा है। रौतेला ने चेतावनी देते हुए कहा नक्शे पास कराने में स्थानीय लोगों को छूट नहीं मिली तो वह आत्मदाह कर लेंगे। भाजपा नेता मनोज भट्ट ने कहा कि प्राधिकरण के अधिकारी सीएम की घोषणा के बाद भी पार्किंग नहीं बना पा रहे हैं। नितेश बिष्ट, प्रवीण पटवाल, गौतम मटियाली ने कहा कि पैसा जारी होने के बाद भी पार्किंग नहीं बन पाई है। इससे पर्यटन कारोबार चौपट हो रहा है और रोजाना जाम से सैलानी परेशान हैं। संदीप पांडे ने एलपी इंटर कॉलेज में पार्किंग का निर्माण न करके अन्य जगह करने की मांग की। सीडीओ अशोक कुमार पांडे ने दो दिन में पार्किंग निर्माण को लेकर स्थिति साफ करने के निर्देश प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए। प्राधिकरण सचिव विजयनाथ शुक्ल ने बताया कि बाईपास में मत्स्य विभाग की भूमि, डांठ और मल्लीताल में निजी भूमि पर पार्किंग निर्माण कार्य को लेकर कार्रवाई चल रही है। जल्द पार्किंग का निर्माण कार्य शुरु होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *