सहायक नियंत्रक दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

भीमताल : भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान (बांट एवं माप) शांति भंडारी को दस हज़ार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई किच्छा, जनपद ऊधमसिंहनगर स्थित उनके कार्यालय में की गई।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि वह वजन तोलने वाले कांटे और बांट बेचने तथा उनकी मरम्मत का कार्य करता है। इसके लिए लाइसेंस आवश्यक होता है, जिसे प्राप्त करने के लिए उसने विभाग में आवेदन किया था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि शांति भंडारी ने लाइसेंस जारी करने के बाद उसे अनावश्यक रूप से परेशान करते हुए लाइसेंस रद्द करने की धमकी दी और 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की।

सतर्कता टीम की कार्रवाई :-
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए। निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन के निर्देश पर अनिल सिंह मनराल के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। नियमानुसार कार्यवाही करते हुए टीम ने 9 दिसंबर 2024 को शिवपुरम् कॉलोनी, निकट चीनी मिल, हल्द्वानी रोड, किच्छा स्थित कार्यालय में शांति भंडारी को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

आगे की कार्रवाई:-
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम जांच शुरू कर दी गई है। निदेशक डॉ. मुरूगेशन ने इस सफल कार्रवाई के लिए सतर्कता टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।
सतर्कता अधिष्ठान की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी चेतावनी मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *