भीमताल में व्यापारियों ने पार्किंग के लिए सीएम को ज्ञापन भेजा
भीमताल । सीएम घोषणा के बाद भी पार्किंग नहीं बनाए जाने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को सीडीओ कार्यालय तक जिला प्रशासन और प्राधिकरण के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में व्यापारियों ने सीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को पार्किंग निर्माण को लेकर ज्ञापन भेजा। व्यापारी नेता सौरभ रौतेला ने बताया कि पार्किंग नहीं बन पाने से भीमताल में जाम की समस्या बनी हुई है। इससे सैलानियों को परेशान होना पड़ता है। साथ ही पर्यटन कारोबार प्रभावित हो रहा है। रौतेला ने कहा कि जिला प्रशासन और प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से भीमताल वासियों की सुध नहीं ली जा रही है। इसको लेकर व्यापारियों और आम जनता में नाराजगी है। देवेंद्र सिंह चनौतिया, अनिल चनौतिया ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा भीमताल के लोगों को उठाना पड़ रहा है। रामपाल सिंह गंगोला, दीपक वर्मा ने भी पार्किंग नहीं बनाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि पार्किंग नहीं बनी तो तीन जनवरी को भीमताल बंद करने के साथ नगर पालिका चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान मनोज भट्ट, आशा उप्रेती, पूरन जोशी, नीरज कुमार, ज्योति पुरी, सीमा टम्टा, आशु पाठक, उमेश पाठक, विनीत जोशी, केडी जोशी, हिमांशु रौतेला, मनीष कुमार मौजूद रहे।