डॉक्टर की लापरवाही से बेरोजगार युवक की गाय की मौत का आरोप, 10 लाख मुआवजे की मांग

भीमताल। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने धारी ब्लॉक के पलड़ा गांव में एक युवक की गाय की मौत के लिए दुग्ध संघ के डॉक्टर की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

शर्मा ने बताया कि पलड़ा गांव का एक युवा भैरव दत्त तिवारी पलायन छोड़कर अपने क्षेत्र में खेती और दुग्ध व्यवसाय के माध्यम से आजीविका चला रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि गाय की तबीयत खराब होने पर स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा द्वारा संबंधित डॉक्टर को मौके पर बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन डॉक्टर गांव नहीं पहुंचा।

शर्मा का कहना है कि समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण गाय ने रात में दम तोड़ दिया, जिससे युवक की आजीविका का प्रमुख साधन समाप्त हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय उदासीनता और संबंधित डॉक्टर के गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण यह घटना हुई।
कांग्रेस नेता ने इस मामले को लेकर डेयरी विकास विभाग के निदेशक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने पीड़ित युवक को 10 लाख रुपये की आर्थिक राहत प्रदान करने तथा कथित रूप से लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा भावना के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। विभाग की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *