जमरानी बांध निर्माण एजेंसी के विरोध में जनप्रतिनिधियों का हंगामा, सड़क बंद करने की चेतावनी

भीमताल। जमरानी बांध निर्माण के दौरान मशीनरी एवं भारी वाहनों के लगातार संचालन से क्षतिग्रस्त हो रही सड़क को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। सड़क बंद न किए जाने और निर्माण कार्य के चलते आमजन को हो रही दिक्कतों के विरोध में आज जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुँचकर प्रशासन को कड़ा संदेश दिया।
राज्य आंदोलनकारी डॉ. केदार पलड़िया के नेतृत्व में पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सड़क पर भारी वाहन नहीं रोके जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क की दुर्दशा के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में गंभीर मुश्किलें पेश आ रही हैं, लेकिन निर्माण एजेंसी और प्रशासन स्थिति को नज़रअंदाज़ कर रहा है। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि बार-बार निवेदन के बावजूद सड़क पर खनन वाहनों की आवाजाही नहीं रुकी, जिससे सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी को वैकल्पिक मार्ग तैयार करना चाहिए था, लेकिन बिना तैयारी के काम शुरू कर आम जनता को परेशान किया गया।
प्रशासन की लापरवाही पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। आंदोलन में शामिल लोगों ने कहा कि यदि सड़क पर भारी वाहन नहीं रुके तो अगले चरण में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
आंदोलन में राज्य आंदोलनकारी केदार पलड़िया , ललित कुमार, पंचायत सदस्य सुनीता बिष्ट, महिला प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता नारायण रावल समेत क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *