रक्सिया नाले के जलभराव से मिली निजात, गांवों ने सांसद का जताया आभार

भीमताल : विगत वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे हल्द्वानी क्षेत्र के दर्जनों गांवों को अब बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) द्वारा वित्तपोषित हल्द्वानी परियोजना के तहत यूयूएसडीए द्वारा रक्सिया नाले पर बनाए गए आउटफॉल निर्माण कार्य का शुक्रवार को माननीय सांसद द्वारा निरीक्षण किया गया। इस परियोजना के तहत 4×3 मीटर आकार का 1.5 किलोमीटर लंबा भूमिगत नाला तैयार किया गया है, जिसके ऊपर से शीघ्र ही सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। यह परियोजना प्रेमपुर लोशज्ञानी क्षेत्र सहित 10 से अधिक गांवों के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रही है। बीते कुछ दिनों की भारी बारिश के बावजूद रक्सिया नाले के ओवरफ्लो से होने वाले जलभराव की समस्या से क्षेत्रवासियों को राहत मिली है। हिन्मतपुर बैजनाथ, हल्दुपोखरा नायक, गुसाईंपुर, पांडेय नेवार, पूरनपुर, आनंदपुर और प्रेमपुर लोशज्ञानी जैसे गांवों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली और सरकार का आभार प्रकट किया। परियोजना निर्माण में यूयूएसडीए, BIPL कंपनी और टाटा समूह की इंजीनियरिंग टीम ने लगातार एक वर्ष तक तकनीकी चुनौतियों का सामना करते हुए कार्य को पूरा किया। इस कार्य की नियमित समीक्षा सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की गई। आउटफॉल के ऊपर प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य वर्षा ऋतु के पश्चात आरंभ किया जाएगा। यह मार्ग हल्द्वानी के ट्रैफिक को नया विकल्प देने के साथ क्षेत्रीय संपर्क को भी मजबूत करेगा।
ग्रामीणों ने सांसद महोदय और प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान अब जाकर मिला है। यह कार्य विकास की सही दिशा और आम जनमानस के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *