भीमताल, 30 जुलाई। विकासखंड भीमताल की ग्राम पंचायत ज्योली ने नाबार्ड के मार्गदर्शन में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में शत-प्रतिशत संतृप्ति हासिल कर मिसाल पेश की है। ग्राम पंचायत ने भारत सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत सभी पात्र ग्रामीणों को लाभ से जोड़ते हुए इस उपलब्धि की आधिकारिक पुष्टि प्रमाण-पत्र जारी कर की है।
अभियान के तहत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना समेत अन्य पात्रता आधारित योजनाओं से सभी पात्र परिवारों को जोड़ा गया। इस पहल से करीब 500 ग्रामीणों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिला, जिससे उनकी आर्थिक सुरक्षा और वित्तीय समावेशन को मजबूती मिली है।
यह उपलब्धि नाबार्ड के मार्गदर्शन में देवभूमि जैविक उत्पादक संघ तथा महिला एवं निर्बल वर्ग उत्थान समिति, ज्योलीकोट के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई। अभियान के दौरान ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, विशेष शिविर, आवश्यक दस्तावेजों की व्यवस्था और बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा गया।
जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड नैनीताल ने ग्राम पंचायत, सहयोगी संस्थाओं, किसान उत्पादक संगठन, बैंकिंग संस्थाओं एवं सभी हितधारकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना वित्तीय समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत ज्योली का मॉडल जिले की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक है।
नाबार्ड ने जिले की अन्य ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, किसान उत्पादक संगठनों और बैंकिंग संस्थाओं से भी जनसहभागिता के साथ ऐसे अभियान चलाने की अपील की है, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।