घरेलू जिम्मेदारियों से कारोबार तक पहुंचीं महिलाएं, भीमताल की ‘मिलेट बेकरी’ बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल

भीमताल, 03 जून। कभी घर की चौखट तक सीमित रहने वाली भीमताल विकासखंड के भीमेश्वर ग्राम संगठन की पांच महिलाओं ने आज आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख दी है। सीमित आय और संसाधनों के बीच खुद का व्यवसाय शुरू करना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन हौसले और सरकारी सहयोग ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत सात लाख रुपये का ऋण मिलने के बाद इन महिलाओं ने भीमताल विकास भवन परिसर में “मिलेट बेकरी ग्रोथ सेंटर” की स्थापना की। आज यह केंद्र न केवल उनकी पहचान बन चुका है, बल्कि आय का सशक्त माध्यम भी साबित हो रहा है।

महिलाओं द्वारा संचालित इस बेकरी सेंटर ने रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए हैं। केंद्र के माध्यम से तीन अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है। वर्तमान में समूह प्रतिमाह करीब 60 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहा है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

महिलाओं की यह सफलता कहानी आत्मनिर्भर भारत अभियान, महिला सशक्तिकरण और मोटे अनाज (मिलेट्स) को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है। यह साबित करता है कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ और दृढ़ इच्छाशक्ति किसी भी सपने को हकीकत में बदल सकती है।

भीमताल की इन महिलाओं ने यह संदेश दिया है कि अवसर मिलने पर महिलाएं न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देने की क्षमता रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *