गौ, जौ, मसूर में 10 से 15 प्रतिशत नुकसान का आंकलन
भीमताल (नैनीताल)। जिले में बीते दिनों हुई ओलावृष्टि से धारी ब्लॉक की 15 हेक्टेयर जमीन पर लगी मटर की फसल को 50 से 55 प्रतिशत तक नुकसान होने के आंकलन की रिपोर्ट कृषि विभाग के पास पहुंची हैं। वहीं गेहूं, जौ और मसूर में 10 से 15 प्रतिशत नुकसान होने का अनुमान ही लग पाया है। हालांकि कृषि विभाग की ओर से ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर सर्वे किया जा रहा है। विभाग के मुताबिक 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान होने वाले किसानों को ही मानकों के अनुरूप मुआवजा दिया जाएगा। मुख्य कृषि अधिकारी डॉ वीके यादव ने बताया कि धारी ब्लॉक में 15 हेक्टेयर जमीन पर लगी मटर की फसल को 50 से 55 प्रतिशत नुकसान ओलावृष्टि के चलते हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी धारी क्षेत्र की रिपोर्ट मिली है और अन्य विकासखंडों की रिपोर्ट भी जल्द मिल जाएगी। साथ ही कहा कि गेहूं, जौ और मसूर में 10 से 15 प्रतिशत नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में गेहूं की फसल के लिए बारिश लाभदायक साबित हुई है। उन्होंने कहा कि विभागीय टीम अभी सर्वे कर रही है रिपोर्ट मिलने के बाद मानक के तहत मुआवजा दिया जाएगा।
