केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में किया पुरस्कृत
भीमताल (नैनीताल)। पर्यावरण और जलसंरक्षण के लिए ओखलकांडा के पर्यावरण प्रेमी चंदन नयाल को न्यू महाराष्ट्र सदन दिल्ली में जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार और सहयोगी संस्थाओं की ओर से जल प्रहरी का पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। चंदन को जल प्रहरी का पुरस्कार केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दिया। नयाल को यह पुरस्कार 53 हजार से अधिक पौधे लगाने, 5000 से अधिक चालखाल, पोखर बनाने के साथ स्कूलों और विश्वविद्यालयों में पर्यावरण और जलसंरक्षण को लेकर जागरूक करने के लिए दिया गया है। चंदन ने शिक्षक की नौकरी छोड़कर पर्यावरण और जलसंरक्षण के लिए लगातार प्रयास किया है। उन्हें अभी तक कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
