87 विद्यालयों में नियमविरुद्ध फीस वसूली की हुई थी पुष्टि, 46 स्कूलों ने लौटाई अतिरिक्त धनराशि
भीमताल। जनपद में निजी विद्यालयों की ओर से अभिभावकों से नियमविरुद्ध एवं अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने के मामले में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई का असर अब दिखाई देने लगा है। अतिरिक्त शुल्क की वापसी और शुल्क में कटौती शुरू होने से अभिभावकों को राहत मिली है। अब तक 46 निजी विद्यालयों ने अभिभावकों को 39 लाख पांच हजार 405 रुपये वापस किए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी रंजीत सिंह नेगी ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अप्रैल माह में निजी विद्यालयों द्वारा लिए जा रहे अतिरिक्त एवं अवैध शुल्क की जांच के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान जनपद के 87 निजी विद्यालयों में नियमविरुद्ध शुल्क वसूली की पुष्टि हुई थी।
इसके बाद संबंधित विद्यालयों को अतिरिक्त वसूली गई धनराशि अभिभावकों को वापस करने अथवा आगामी माह के शुल्क में समायोजित करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के अनुपालन में अब तक 46 विद्यालयों द्वारा कुल 39,05,405 रुपये अभिभावकों को वापस किए जा चुके हैं।
शिक्षण शुल्क भी किया कम
मुख्य शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के बाद आठ विद्यालयों ने नियमविरुद्ध बढ़ाए गए शिक्षण शुल्क को कम किया है। वहीं, 39 विद्यालयों ने मनमाने ढंग से लिए जा रहे परीक्षा शुल्क में कटौती की है। इसके अलावा 15 निजी विद्यालयों ने पंजीकरण शुल्क को कम अथवा पूरी तरह समाप्त कर दिया है।
टीसी शुल्क अब सिर्फ एक रुपये
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई निजी विद्यालयों द्वारा ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) के लिए सरकार द्वारा निर्धारित एक रुपये के शुल्क के स्थान पर अभिभावकों से 100 से लेकर 1000 रुपये तक वसूले जा रहे थे। प्रशासन के सख्त निर्देश के बाद विद्यालयों ने टीसी शुल्क घटाकर एक रुपये कर दिया है। अतिरिक्त वसूली गई राशि भी अभिभावकों को वापस अथवा आगामी शुल्क में समायोजित की गई है।
नहीं सुधरे तो मान्यता खत्म करने की संस्तुति
मुख्य शिक्षा अधिकारी रंजीत सिंह नेगी ने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों ने अब तक अतिरिक्त शुल्क वापस नहीं किया है, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। नियमविरुद्ध फीस वसूली करने वाले विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने की संस्तुति शासन को भेजी जा सकती है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि निजी विद्यालयों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा अनियमितता की जानकारी शिक्षा विभाग को दें। शिकायत ceonainital11@gmail.com पर ईमेल के माध्यम से भेजी जा सकती है। शिकायतकर्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और प्राप्त शिकायत पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।