भीमताल में पार्किंग निर्माण के लिए लोनिवि करेगा जांच
भीमताल (नैनीताल)। लोक निर्माण विभाग भवाली की ओर से भीमताल में बाईपास मार्ग और मत्स्य विभाग की भूमि के मध्य नाले पर चयनित पार्किंग के निर्माण के लिए मिट्टी, वाहन की भार क्षमता और ड्रेनेज सिस्टम को लेकर सर्वे किया जाएगा। सर्वे के बाद ही भीमताल बाईपास में पार्किंग निर्माण को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पंकज तिवारी ने बताया कि भीमताल में पार्किंग निर्माण के लिए विस्तृत सर्वेक्षण समरेखन निर्धारण, मृदा परीक्षण, विस्तृत डिजाइन ड्राइंग, बोर होल, यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए विभाग की ओर से जल्द सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्वे के माध्यम से पता चल पाएगा की जिस नाले के ऊपर पार्किंग का निर्माण होना है वह भूमि पार्किंग के लिए सुरक्षित है या नहीं। तिवारी ने कहा कि लोनिवि की ओर से पूर्व में विभाग के भूवैज्ञानिकों ने भी सर्वे किया है और मिट्टी की जांच, भार क्षमता और ड्रेनेज सिस्टम को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है व जल्द सर्वे का काम शुरू किया जाएगा। तिवारी ने कहा कि भीमताल में पार्किंग निर्माण की घोषणा चार साल पहले सीएम की ओर से की गई है।