रब ने बना दी जोड़ी…….

निर्मल नेगी ,भीमताल (नैनीताल)
कहते हैं जोड़ियां ऊपर स्वर्ग में बनती हैं, और धरती में उन्हें निभाना होता है। कुछ ऐसी ही कहानी है भीमताल के नीरज और मंजू की। एक बार अग्नि को साक्षी मानकर फेरे लेने के बाद हर सुख दुख को मिलकर बांटती ये जोड़ी भी शायद ईश्वर की ही रचना है।
भीमताल पांडे गांव के निवासी नीरज की लम्बाई यूं तो मात्र 3 फीट 10 इंच है लेकिन अपने छोटे कद को नीरज ने कभी भी स्वाभिमान के आड़े नहीं आने दिया। हाईस्कूल तक की पढ़ाई के बाद घर की कमजोर आर्थिक स्थिति को देख स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ा भीमताल डांठ में चाइनीज फूड का ठेला लगाना शुरू किया। बस यहीं से नीरज की जिंदगी में एक सुहावना मोड़ आया और पिछले नौ वर्षों से उनके लिए करवा चौथ का व्रत ले लंबी आयु की कामना करने वाली मंजू का उनके जीवन में प्रवेश हुआ।
नीरज बताते हैं कि 2014 में उनकी दुकान में एक दिन मोमो खाने के लिए मंजू आई। 4 फीट 3 इंच लंबी मंजू को देख नीरज को पहली नजर में ही लगा कि शायद ईश्वर स्वयं सब कुछ तय कर रहा है। थोड़ी बातचीत के बाद दोनो ने एक दूसरे से मोबाइल नंबर शेयर किया । बात आगे बड़ी ,तो 2015 में नीरज और मंजू एक दूसरे के हो गए। समय बीता और जीवन की गाड़ी के पहिए को मिल जुलकर खींचेते इस परिवार में एक सदस्य और आ गया। नन्हा दर्शित इन दोनो की ही आंख का तारा है। अब नीरज और मंजू मिलकर भीमताल तिकोनिया के समीप ठेला लगाते हैं। मेहनती और मृदुभाषी ये युगल पर्यटकों को भी खूब आकर्षित करता है। इन दोनो के जज्बे की तारीफ कर वो इनके साथ तस्वीरें लेते हैं। प्रेम और परिश्रम का उत्कृष्ट उदाहरण ये शानदार जोड़ी स्थानीय लोगों की भी खास पसंद है। वैसे तीन लोगों के इस छोटे से परिवार को आप भीमताल में अपनी तिपहिया स्कूटी में फर्राटे भरते भी देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *