चांफी इंटर कॉलेज में मेधावी छात्र सम्मान कार्यक्रम आयोजित
रक्षा राज्य मंत्री ने बच्चों को किया सम्मानित
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल की ग्राम सभा चाफी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन मंगलवार को किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, विशिष्ट अतिथि विधायक राम सिंह कैड़ा, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट और जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप तिवारी ने विद्यालय की तमाम समस्याओं को हल करने के लिए अतिथियों से मांग की। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने विद्यालय के 41 मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। भट्ट ने भवन के लिए 5 लाख, चार कंम्प्यूटर की घोषणा के साथ ही एनसीसी खोलने की कार्रवाई करने की बात कहीं। उन्होंने विद्यार्थियों से हर क्षेत्र में आगे आने को कहा। विधायक राम सिंह कैड़ा ने विधायक निधि से विद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए दो लाख देने की घोषणा की। विधायक ने विद्यालय के भवन को ध्वस्तीकरण न कराकर विद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव देने को कहा। जिससे विद्यालय के बच्चों को परेशान न होना पड़े। भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने विद्यालय में शौचालय और पानी की समस्या को हल करने और जिपं सदस्य अनिल चनौतिया ने विद्यालय के दीवार के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमला आर्या, महिला भाजपा प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा, योगेश तिवारी, दिनेश सांगुड़ी, पंकज जोशी, पूरन भट्ट, अनीता आर्य, मनोज रावत, गोपाल कृष्ण भट्ट, तरुण जोशी शामिल रहे।

भीमताल के इंटर कॉलेज चांफी में रक्षा राज्य मंत्री विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए