बंद मोटर मार्गों को तत्काल खोलने के लिए जेसीबी-पोकलैंड भेजने के निर्देश
भीमताल। लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर बारिश से उत्पन्न आपदा की स्थिति और प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई मोटर मार्ग बंद होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण बंद होने वाले मोटर मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जाए। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर तत्काल जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात की जाएं, ताकि मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया जा सके।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे-बड़े नालों की सिल्ट और मलबे की सफाई कराने तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मुख्य मार्गों और चौराहों पर जलभराव की समस्या वाले स्थानों को चिह्नित कर ड्रेनेज व्यवस्था तत्काल ठीक कराने को कहा। साथ ही भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील ढलान वाले क्षेत्रों में मशीनरी और आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि तेज बारिश और हवाओं के कारण बिजली के पोल या तार क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में विद्युत विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करें। पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने पर प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
कैड़ा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा के समय किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि अधिकारियों की सुस्ती के कारण बारिश के दौरान जनता को परेशानी उठानी पड़ी या मोटर मार्ग लंबे समय तक बंद रहे तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।
प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा
भारी बारिश के बीच मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के कोकिलबना, दाड़ीम, गहना, पोखरी, धारी, अनोठी सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर आपदा से हुए नुकसान की जानकारी ली। मौके से ही अधिकारियों को फोन कर प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि भीमताल क्षेत्र में नाले में बहने से एक बच्ची की मृत्यु हुई है। उन्होंने बच्ची के परिजनों को आपदा मद से नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा।