भीमताल। वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा और अपर जिलाधिकारी विवेक राय की संयुक्त अध्यक्षता में सोमवार को नगर निगम सभागार में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवागमन सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई।
उपाध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज और सरकार के आधार स्तंभ हैं। उनके लिए बेहतर सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, बैंकों में वरीयता और सुरक्षित फुटपाथ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और समस्याओं के निस्तारण के लिए विभागवार समय-सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों का समयबद्ध समाधान हो सके।
बीट पुलिस की नियमित विजिट की मांग
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्था मजबूत करने, बीट पुलिस की नियमित विजिट कराने तथा वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी समस्याओं के समन्वय के लिए पुलिस विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग रखी। इसके अलावा शहर में सुगम आवागमन, अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था, सार्वजनिक स्वच्छता एवं शौचालयों की बेहतर व्यवस्था तथा जिला प्रशासन स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने का आग्रह किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि जिन वरिष्ठ नागरिकों के बच्चे बाहर रहते हैं और वे घर पर अकेले रह रहे हैं, वे अपने नाम और मोबाइल नंबर संबंधित थाने में दर्ज करा सकते हैं। आपात स्थिति में 112 पुलिस हेल्पलाइन से सहायता ली जा सकती है।
बैठक में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के अध्यक्ष भुवन भाष्कर पांडे, डीके पांडे, एसडीएम मोनिका, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट सहित स्वास्थ्य, समाज कल्याण, नगर निगम, पेयजल, विद्युत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।