हियरिंग की तारीख बढ़ाने की जरूरत नहीं, 9 सितंबर तक प्रक्रिया पूरी होगी : उप जिला निर्वाचन अधिकारी
भीमताल । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर सोमवार को एनआईसी कक्ष, तहसील हल्द्वानी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक हुई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। अधिकारियों ने प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों और समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि SIR को लेकर प्रत्येक सोमवार को राजनीतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक की जा रही है। सोमवार को सुबह 10 बजे आयोजित बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में प्रतिनिधियों की ओर से रखे गए प्रश्नों और समस्याओं का समाधान किया गया।
बारिश से प्रभावित मतदाताओं को मिलेगा अतिरिक्त अवसर
विवेक राय ने बताया कि कुछ राजनीतिक दलों की ओर से बारिश के कारण SIR की प्रक्रिया और हियरिंग प्रभावित होने की बात रखी गई थी। इस पर स्पष्ट किया गया कि छह, सात और आठ सितंबर की हियरिंग में जो मतदाता उपस्थित नहीं हो पाए हैं, वे अपने संबंधित बूथों पर पहुंचकर सुनवाई में शामिल हो सकते हैं। सात और आठ सितंबर को उपस्थित न हो पाने वालों के लिए नौ सितंबर तक अवसर रहेगा।
उन्होंने बताया कि इसके बाद भी जो लोग सुनवाई में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए 10 और 11 सितंबर को अतिरिक्त अवसर उपलब्ध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला स्तर से हियरिंग की निर्धारित तिथि बढ़ाने का अधिकार नहीं है। वर्तमान में हियरिंग निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही है और तिथि बढ़ाने की आवश्यकता भी नहीं है। हियरिंग सात, आठ और नौ सितंबर तक निर्धारित है।
2.35 लाख नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी
अधिकारियों के अनुसार जिले में कुल 6,93,325 मतदाताओं में से जारी किए गए करीब 2,35,000 नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी कर ली गई है। SIR-2026 की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी किसी भी समस्या या आपत्ति से संबंधित ARO को अवगत कराएं। आवश्यकता पड़ने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी, संजू उप्रेती (कांग्रेस), दिनेश खुलवे, बहादुर सिंह नगदली, प्रकाश पटवाल, हरिश चंद सिनोली (भाजपा), हरिश चंद सिनोली (बसपा) सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।