ओखलकांडा में विधायक ने किया मार्ग का निर्माण कार्य शुरू
भीमताल (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कालाआगर के ग्रामीणों की सालों से चले आ रही मोटर मार्ग के निर्माण की समस्या का समाधान सोमवार को विधायक राम सिंह कैड़ा ने पूरा किया। विधायक ने सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराकर विभागीय अधिकारियों को जल्द निर्माण कार्य पूरा करने को कहा। कैड़ा ने कहा कि सड़क नहीं होने से कालाआगर से कालाआगर धुरा गांव और लोहाखाम मंदिर तक ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मरीजों को डोली के सहारे और किसान अपनी फसलों को घोड़े और खच्चरों में लाने को मजबूर थे। ग्रामीणों की मांग पर लोनिवि से डीपीआर तैयार कर शासन भेजी थी। शासन से स्वीकृति मिलते ही सोमवार से काम शुरू किया गया। कैड़ा ने कहा सड़क बनने से गांव से पलायन रुकेगा। इस दौरान प्रधान राम सिंह मेवाड़ी, बीडीसी सदस्य गोधन मेवाड़ी, पान सिंह, सुरेश मेवाड़ी, दिनेश मेवाड़ी शामिल रहे।
