भीमताल। भीमताल से नौकुचियाताल मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है। सड़क के लिए ₹2 करोड़ 45 लाख की स्वीकृति मिल गई है और शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। यह जानकारी क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दी।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि भीमताल-नौकुचियाताल मोटर मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी। ग्रामीणों की मांग पर लोक निर्माण विभाग से डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई थी, जिसके बाद सड़क के डामरीकरण के लिए ₹2.45 करोड़ की स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि बरसात समाप्त होते ही सड़क के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधार एवं डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अमजड़, सुवकोट पोखरी, करायल, क्वेदल और दिनी सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। क्षेत्रवासियों ने सड़क के लिए बजट स्वीकृत होने पर मंत्री का आभार व्यक्त किया।