चांफी-पदमपुरी मोटर मार्ग की बदहाली पर कांग्रेस नेता का धरना, 15 दिन में मरम्मत की मांग

भीमताल, 29 जुलाई। चांफी से पदमपुरी तक मुख्य मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बुधवार को सड़क पर पानी से भरे गड्ढे में बैठकर एकाकी धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से मार्ग की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मनोज शर्मा ने कहा कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के लोगों को खराब सड़क के कारण रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

धरने के दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर विकास के दावों को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों ने केवल आश्वासन दिए हैं, जबकि सड़क की स्थिति लगातार खराब होती गई है। उनका कहना था कि यदि मुख्य मोटर मार्ग की यह हालत है तो संपर्क और ग्रामीण सड़कों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई तो स्थानीय लोगों के सहयोग से श्रमदान कर सड़क को ठीक करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन जनता की समस्याओं के समाधान तक जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *