20 नवंबर से एमबी इंटर कॉलेज मैदान में स्वयं सहायता समूहों का ऑफलाइन पंजीकरण शुरू
भीमताल। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को खंड विकास कार्यालय हल्द्वानी में बैठक आयोजित की गई। परियोजना निदेशक शिल्पी पंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेले की व्यवस्थाओं और तैयारियों की समीक्षा की गई।
मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बैठक में बताया गया कि मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक स्वयं सहायता समूहों का 20 नवंबर से एमबी इंटर कॉलेज मैदान में ऑफलाइन पंजीकरण शुरू होगा। संबंधित समूहों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
बैठक में स्टॉल आवंटन, पेयजल, बिजली, सफाई, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रचार-प्रसार की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। परियोजना निदेशक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले लोगों और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सरस मेला ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर उपलब्ध कराने के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों को भी पहचान मिलेगी।
बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला आपूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन सहित रीप और एनआरएलएम परियोजना के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।