मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से कटना से वारी तक बनेगा मोटर मार्ग, शासनादेश जारी
भीमताल। ओखलकांडा ब्लॉक के वारी गांव के ग्रामीणों का आजादी के बाद सड़क से जुड़ने का सपना अब साकार होने जा रहा है। मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से ग्राम सभा कटना से वारी तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए राज्य योजना के तहत शासन ने करीब 84 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इसके लिए शासनादेश भी जारी हो गया है।
वारी गांव के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अपना सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वहीं, मरीजों को घोड़े या कंधे के सहारे सड़क तक लाना पड़ता था। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में भी काफी धनराशि किराये-भाड़े में खर्च करनी पड़ती थी।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों के सामने सड़क निर्माण की मांग रखी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग निर्माण की मांग की।
मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पहले वन एवं पर्यावरण विभाग से मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति दिलाई। इसके बाद राज्य योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया, जिसके बाद शासन ने 84 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी।
मंत्री कैड़ा ने विभागीय अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोटर मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद वारी गांव के ग्रामीणों को आवागमन, स्वास्थ्य सुविधाओं और कृषि उपज के परिवहन में बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि उनका प्रयास भीमताल विधानसभा के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने का है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। सड़क स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री का आभार जताया।