भीमताल। सेवा, सुशासन एवं समर्पण-सेवा पखवाड़ा के तहत सोमवार को विकासखंड रामगढ़ के गोमतीगैर (सूपी) स्थित रामलीला मैदान में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से 358 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। वहीं, प्राप्त 27 शिकायतों में से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि दो मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
शिविर की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाली प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर निर्धारित समय में उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। आयुर्वेद और होम्योपैथी विभाग ने भी मरीजों को औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से दो महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। कृषि विभाग ने किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट उपलब्ध कराने और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित, पारदर्शिता और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर जनता की समस्याएं सुनकर उनका समाधान कर रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।
शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख पूनम मेहता, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, जिला बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, खंड विकास अधिकारी शिवम अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।