41 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 260 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

बेतालघाट के जीआइसी लोहाली में लगा विशाल जन कल्याणकारी शिविर

14 वर्षीय बालिका को लगाया गया एचपीवी टीका, तीन महिलाओं को मिली मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट

भीमताल। राज्य सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड बेतालघाट के राजकीय इंटर कॉलेज लोहाली में विशाल जन कल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं करीब 260 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला।

शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, सिंचाई, सीसी मार्ग, विद्युत, राजस्व और स्वास्थ्य समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक सरिता आर्य ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से सरकार जनता के द्वार पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका है, उनका शीघ्र समाधान कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

14 वर्षीय बालिका को लगाया एचपीवी टीका

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 100 से अधिक लोगों का निश्शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 वर्षीय बालिका को कैंसर निरोधक एचपीवी सर्वाइकल टीका लगाया गया। इस दौरान लोगों को एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक भी किया गया। महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग की ओर से तीन महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गईं।

विभागों ने लगाए स्टॉल

शिविर में कृषि, उद्यान, सहकारिता, महिला एवं बाल विकास, रीप परियोजना, उरेडा, श्रम, पंचायती राज, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, खाद्य, ग्राम्य विकास और राजस्व समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी।

कृषि विभाग ने पीएम किसान सम्मान निधि के लिए ई-केवाईसी, भूमि सत्यापन और फार्म रजिस्ट्री कराने की अपील की। साथ ही पीएम फसल बीमा योजना, पीएम किसान सिंचाई योजना, चेन फेंसिंग और कृषि यंत्रीकरण योजना की जानकारी दी गई। उद्यान विभाग ने उन्नत फल पौध, सब्जी बीज और मृदा परीक्षण की जानकारी दी। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन तथा छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में बताया। युवाओं को मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना की जानकारी भी दी गई।

जर्जर सड़क और गुलदार-बंदर के आतंक का मुद्दा उठा

क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने अल्गौर मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति, पुराने विद्युत पोल बदलने, गांवों में सोलर लाइट लगाने, पैदल मार्ग और सीसी मार्गों की मरम्मत, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने समेत सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं में सुधार की मांग रखी। विद्यालय भवन की छत की मरम्मत और गुलदार व बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए पिंजरा लगाने की मांग भी उठाई गई। विधायक ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वन विभाग को जंगली जानवरों के आतंक को देखते हुए शीघ्र पिंजरा लगाने के निर्देश दिए गए।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल ने लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रचार साहित्य भी वितरित किया गया।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष रमेश सुयाल, ग्राम प्रधान निर्मला बिष्ट, उप प्रधान त्रिभुवन बिष्ट, गंगा भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य, उप जिलाधिकारी कैंचीधाम अनुराग आर्य, तहसीलदार भुवन चंद भंडारी, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, खंड विकास अधिकारी पंकज जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *