धारी क्षेत्र की सड़कों और नालियों की सफाई की मांग, सीडीओ को सौंपा ज्ञापन

भीमताल। धारी ब्लॉक के पदमपुरी से दुदुली तक मोटरमार्ग के दोनों ओर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

मनोज शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़क के दोनों ओर झाड़ियां उग आई हैं और नालियां मलबे से पट चुकी हैं। इससे बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित होने के साथ ही सड़क पर आवागमन में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने तत्काल नालियों की सफाई, मलबा हटाने और झाड़ियों का कटान कराने की मांग की।

उन्होंने बबियाड़ ग्रामसभा में करीब एक दशक से बदहाल गैरखाड़ से कैलाश द्वार तक मोटरमार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की। इसके साथ ही कैलाश द्वार से साननी और कैलाश द्वार से टपूवा तक जाने वाले मार्गों पर भी झाड़ी कटान और सफाई कराने की मांग की।

मनोज शर्मा ने कहा कि इन मार्गों पर पिछले करीब दस वर्षों से यातायात बंद है और अब झाड़ियों के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने इन रास्तों की तत्काल सफाई कराने के साथ ही कम से कम तीन माह तक गैंग चलाकर नियमित सफाई कार्य कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सड़क और रास्तों की बदहाली से क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घस्यारी महिलाओं, छात्र-छात्राओं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, झाड़ियों के कारण जंगली जानवरों के छिपने और हमले का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से जनहित में तत्काल कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *