नैनीताल : जिला बार संघ ने राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली में अनियमितताओं पर गहरी नाराजगी जताते हुए सुधार की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन किया जाएगा।
बार संघ अध्यक्ष ओंकार गोस्वामी और सचिव संजय सुयाल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने कुमाऊं आयुक्त से मुलाकात की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने राजस्व न्यायालयों में हो रही अव्यवस्थाओं और अन्य समस्याओं पर चर्चा की। आयुक्त ने उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बार सभागार में आयोजित एक बैठक में अधिवक्ताओं ने अपनी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। मुख्य मुद्दों में राजस्व न्यायालय कार्यालयों में अनियमितताएं, जूनियर अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, और जिला मुख्यालयों में न्यायिक कार्यों की कमी शामिल थे। बैठक में बार संघ अध्यक्ष ओंकार गोस्वामी, सचिव संजय सुयाल, मनीष मोहन जोशी, ज्योतिप्रकाश सिंह बोरा, अनिल बिष्ट, दीपक रुबाली समेत कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अपने विचार रखे।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रीति साह, मंजू कोटलिया, प्रमोद बहुगुणा, राजेश चंदोला, यशवंत सिंह बिष्ट, अनिल हर्नवाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में न्यायालयों की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग की और जल्द समाधान न मिलने पर बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार करने की बात कही।