अघरिया गांव को सड़क से जोड़ने की तैयारी, पीएमजीएसवाई के चौथे चरण में मोटर मार्ग स्वीकृत

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, वन एवं पर्यावरण की मंजूरी के बाद शुरू होगा निर्माण

भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने धारी विकासखंड के अघरिया गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा सहित विभिन्न समस्याएं उनके सामने रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि अघरिया गांव को सड़क से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गांव के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के अंतर्गत मोटर मार्ग को शामिल किया गया है, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है। वन एवं पर्यावरण संबंधी स्वीकृति मिलने के बाद मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी, मंडल अध्यक्ष धारी कृष्ण चंद्र, कोआपरेटिव बैंक की निदेशक दीपा बिष्ट, प्रकाश चंद्र नानू, ग्राम प्रधान रेखा आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा, कमलेश बिष्ट, विवेक डंगवाल, पंकज कुमार, पंकज, प्रदीप कुमार, अजय कुमार और विनोद कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *