24 घंटे मोबाइल ऑन रखने और कार्यक्षेत्र में ही तैनात रहने के निर्देश, नदी-नालों से दूर रहने की अपील
भीमताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 30 अक्टूबर को नैनीताल जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे 24 घंटे अपने मोबाइल फोन चालू रखें और संबंधित कार्मिक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ही बने रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने आपदा नियंत्रण कक्ष को भी अधिक सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने आमजन से मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अलर्ट के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें, ताकि किसी भी संभावित खतरे से सुरक्षित रहा जा सके।