भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज जंगलिया गांव में आगामी चार जून को वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विद्यालय परिसर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को सफल बनाने पर चर्चा की गई।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही विद्यालय के पुरातन छात्र-छात्राओं को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों की ओर से कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट , कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैडा , जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट तथा जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल को आमंत्रित किया गया है।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
बैठक में ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गंगोला, पीटीए अध्यक्ष गोपाल दत्त पलड़िया, एसएमसी अध्यक्ष गोपाल सिंह पड़ियार, महेंद्र सिंह पड़ियार, बीरेन्द्र सिंह कुल्याल, प्रेम सिंह कुल्याल, त्रिलोक सिंह कुल्याल सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।