भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल में बीते शुक्रवार शाम आई तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हरीश पनेरु ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने तथा बीमा कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हरीश पनेरु ने कहा कि 29 मई की शाम हुई ओलावृष्टि से क्षेत्र में आड़ू, प्लम, खुमानी, आलू, मिर्च, मटर सहित अन्य फसलों को लगभग 80 प्रतिशत नुकसान पहुंचा है। इससे भीमताल विधानसभा के किसान गंभीर संकट में आ गए हैं। उन्होंने सरकार से प्रत्येक प्रभावित कृषक को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी धारी, रामगढ़ और ओखलकांडा क्षेत्र के किसानों को फसल बीमा क्लेम देने में अनियमितताएं बरती गईं। बीते तीन वर्षों से किसान पूर्ण बीमा क्लेम की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसानों को पूरा लाभ नहीं मिल सका है।
पनेरु ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर किसानों की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो हल्द्वानी अथवा नैनीताल में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।