ओखलकांडा : ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विकास कार्यों और ग्रामीण समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने बिजली, पानी, सड़क, और शिक्षा जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन योजना के तहत हर गांव में करोड़ों की योजनाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मोटर मार्गों की डीपीआर तैयार कर शीघ्र शासन को भेजी जाए। साथ ही विकास कार्यों में प्रगति लाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा ने अधिकारियों से कहा कि ब्लॉक के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों को ग्रामीण सभाओं में विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने की सलाह दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डीडीओ और जिले के अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को गंभीरता से सुनने और समाधान का आश्वासन दिया।