भीमताल। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पाण्डे ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 2022 के बाद की गयी घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। सीडीओ ने अधिकारियों को समय पर घोषणाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश। सीडीओ ने कहा कि जनपद स्तर पर एक भी घोषणा लम्बित न रहे इसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विभागों की मुख्यमंत्री घोषणा जनपद स्तर पर लंबित पड़ी हैं वह इस माह के अंत तक उनके प्रस्ताव तैयार करते हुए शासन को प्रेषित करें साथ ही शासन स्तर पर लंबित घोषणा की शीघ्र स्वीकृति के लिए अनुस्मारक पत्र प्रेषित करते हुए स्वीकृति हेतु स्वयं पहल करें। बताया कि वर्ष 2022 से अभी तक लगभग 226 घोषणाएं की गई हैं। सीडीओ ने सभी विभागों को जनपद स्तर से लंबित घोषणाओं में अतिशीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से घोषणाओं में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली तथा गहनता से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन जिन विभागों में मुख्यमंत्री की घोषणाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है वह अतिशीघ्र जानकारी देते हुए उन्हें अपडेट करें तथा जिन कार्यों के अभी तक टेण्डर नहीं हो पाए हैं शीघ्र टेंडर की भी कार्यवाही की जाए। पाण्डे ने सभी अधिकारियों को मुख्यमंत्री की घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ लेते हुए उन्हें पूर्ण गुणवत्ता और पारदर्शिता से कार्यान्वित करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कार्यदायी संस्था के निर्माण और उसमें किसी तरह के भूमि हस्थानांतरण के सम्बन्ध में विभागीय स्तर से जो भी समन्वय किया जाना हो उन सभी प्रक्रियाओं को अविलंब पूर्ण करें।साथ ही इस संबंध में यदि शासन स्तर से कोई स्वीकृति करवानी हो तो इसमें तत्काल कार्यवाही करें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि 5 करोड़ से अधिक धनराशि की योजनाओं के प्रस्ताव गति शक्ति पोर्टल के माध्यम से शासन को भेजने के लिए कहा। बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, एपीडी चंदा फर्त्याल आदि रहे।