जीआईसी जांगलिया गांव में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
भीमताल : बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, भीमताल के छात्रों द्वारा जी.आई.सी. जंगलिया गांव में बुधवार को एक विशेष शिक्षा अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को शिक्षा, जागरूकता और करियर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक नितिन छिमवाल के निर्देशन और कार्यक्रम समन्वयक दिव्यांशु मेहता तथा करन बेलवाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान के तहत छात्रों को उनकी उम्र और आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया । “अच्छे स्पर्श और बुरे स्पर्श” जैसे संवेदनशील विषय को नाटक और पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से समझाया गया। छात्राओं को यह बताया गया कि अगर किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार हो, तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता या शिक्षकों को सूचित करे।लड़कों को नशे की लत और उसके खतरों के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। बड़ी कक्षाओं के छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, करियर विकल्पों का चयन, और मानसिक तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। छात्रों को आधुनिक तकनीकों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में समझाया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान राधा कुल्याल, प्रेम कुल्याल और विद्यालय के प्रधानाचार्य बालम सिंह रैकवाल ने अहम भूमिका निभाई। ग्राम प्रधान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रम बच्चों को आत्मनिर्भर बनने और नई सोच विकसित करने में मददगार होते हैं।”
प्रधानाचार्य बालम सिंह रैकवाल ने कार्यक्रम के आयोजकों और छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास के लिए भी जरूरी हैं।