पार्किंग और जाम से मुक्ति के लिए मुख्यमंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
भीमताल : हरवर्ष की भांति होटल एसोसिएशन भीमताल की बैठक का आयोजन निलेश इन में किया गया, जिसमें क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और पार्किंग व यातायात जाम की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन समस्याओं से निजात पाने के लिए एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, और जिलाधिकारी वंदना से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपेगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद गुणवंत ने बताया कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण पार्किंग की सुविधा और जाम की समस्या गंभीर हो गई है, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में महेंद्र वर्मा, नितेश बिष्ट, कुंदन बिष्ट, संजय संगुड़ी, ऋषि सक्सेना, रणवीर मेहरा, रविंद्र कुमार जोशी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।