भीमताल । ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP) के तहत संचालित कार्यों में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने गरमपानी स्थित सीएलएफ (CLF) कार्यालय एवं आउटलेट का औचक निरीक्षण किया। जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि सीएलएफ को निःशुल्क कार्यालय भवन आवंटित होने के बावजूद उसके लिए किराए की धनराशि स्वीकृत कराई जा रही थी। मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित एरिया मैनेजर के निलंबन की संस्तुति शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान पता चला कि REAP परियोजना के एरिया मैनेजर अवनीश पांडे द्वारा सीएलएफ कार्यालय के लिए किराए की संस्तुति की जा रही थी और जनपद स्तर से किराए की धनराशि सीएलएफ को उपलब्ध कराई जा रही थी, जबकि कार्यालय भवन पहले से ही निःशुल्क आवंटित है। प्रारंभिक जांच में भीमताल और कोटाबाग क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की अनियमितताओं के संकेत मिले हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने गरमपानी स्थित REAP आउटलेट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन व्यवस्था और संचालन का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।