समर्थन में रहे विधायक राम सिंह कैड़ा
भीमताल : नगर पालिका परिषद भीमताल के अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी कमला आर्य ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर भीमताल विधानसभा के विधायक राम सिंह कैड़ा ने उनके साथ रैली और नामांकन प्रक्रिया में भाग लिया।
विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल को नगर पालिका का दर्जा दिलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे भाजपा सरकार ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद यह पहला मौका है जब भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी उतारा है। विधायक ने विश्वास जताया कि भाजपा प्रत्याशी कमला आर्य और पार्टी द्वारा अधिकृत सभासदों की जीत तय है।
विधायक कैड़ा ने कहा, “भीमताल नगर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष बनने के बाद विकास कार्यों में और तेजी आएगी। भाजपा सरकार क्षेत्र की हर आवश्यकता को प्राथमिकता से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
नामांकन के दौरान पार्टी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार रैली निकाली। पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा का जोश और उत्साह देखने लायक था।