भीमताल : सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में 79 यूके एनसीसी बटालियन द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सातवां दिन सैन्य प्रशिक्षण, तकनीकी गतिविधियों और खेल प्रतियोगिताओं के बीच उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शिविर में कैडेटों को सैन्य अनुशासन के साथ आधुनिक तकनीक और आपदा प्रबंधन की बारीकियां भी सिखाई गईं।
कैंप कमांडर कर्नल अभिजीत मेहता के नेतृत्व में संचालित शिविर में दिन की शुरुआत पीटी और ड्रिल प्रशिक्षण से हुई। इसके बाद कैडेटों को हथियारों के साथ ड्रिल तथा .315 राइफल से फायरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, एनडीआरएफ विशेषज्ञों ने आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी देकर कैडेटों को प्रशिक्षित किया।
शिविर में माउंटेन इक्विपमेंट के सुरक्षित उपयोग और पर्वतीय क्षेत्रों में उनके महत्व पर भी प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, पीआई स्टाफ ने आधुनिक तकनीक के तहत ड्रोन संचालन एवं उसके विभिन्न उपयोगों की जानकारी साझा करते हुए कैडेटों को ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण दिया। इससे कैडेटों में तकनीकी ज्ञान और नवाचार के प्रति रुचि देखने को मिली।
कैडेटों में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर रानीखेत के बॉक्सिंग कोच सूबेदार दलवीर पौड़ी ने कैडेटों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कैडेटों को जीवन में सफलता के लिए खेल भावना अपनाने की प्रेरणा दी।